रूपी के रूबी

विश्वगाथा · जनवरी–मार्च 2021

कैफ़े का वातावरण लोगों के कलरव से भनभना रहा था, ऐसप्रैसो-मशीन की सरसराहटों से भरा हुआ था, भिन्न-भिन्न कॉफ़ियों की सुगंधों से फट रहा था जब दरवाज़ा घूम कर खुला और बड़े ठसक के साथ वे दो अंदर घुस कर आए. आज भी वो ‘फ़्रैश” लग रहा था.

“लम्बा दिन था,” वो बोला. दिन के बारह बज रहे थे.

“हाँ, मगर काम तो बन गया.” पीछे चलते उसके साथी ने अपनी टाई ढीली करते हुए कहा. दोनों हँस दिये.

सामने एक लड़की आ रही थी, दोनों ने हट कर उसे रास्ता दिया. दोनों थके थे, मगर प्रसन्न थे. प्रसन्न. उल्लसित. भाव-विभोर. आज इन्होंने सौदा जो पक्का कर लिया था. पैटन्ट बिक गया था, इनका मूल्य बढ़ गया था. बस अब तो ये भी बीते दिनों के नवाबों जैसे बन जाएंगे. तभी बात-बात पर हँसी आ रही थी.

“एक ऐसप्रैसो माकियाटो, प्लीज़,” मुसकुराती आँखों से उसने कैश-रजिस्टर पर खड़ी लड़की से कहा.

“तू ने देखा वो सब कैसे देख रहे थे,” मुड़ कर वो अपने साथी से बोला.

“मैं तो देख रहा था वो कैसे देख रही थी.” उसके साथी का इशारा अमरीकी कम्पनी की सुनहरे बालों वाली अध्यक्षा की तरफ़ था.

“ओह, वो?” उपेक्षा भाव से वो बोला. “ये मेरा जादू हर जगह हावी हो जाता है. साला ख़ुद मैं इसे क़ाबू में नहीं रख पाता.”

कहते-कहते उसने अपने नाखूनों को हौले से कमीज़ पर चमकाया और फूँक मार दी.

फिर दोनों हँसने लगे.

कॉफ़ी हाथ में ले कर, वापस जाने को हुए. एक आख़िरी मीटिंग और थी. वो घूम कर मुड़ा ही था और ‘हैलो, ये क्या है?’

सामने एक चेहरा था. चेहरा क्या, पुनर्जागरित पारम्परिक शैली में चेहरे का पुनर्गठन था. तीखे नाक-नक्श वाली एक जवाँ औरत थी, हाँ जी आकर्षक, वरना उसका उस पर ध्यान ही क्यों जाता? बालों को करीने से उसने सिर के पीछे बांध कर रखा था. वो दरवाज़े के पास खिड़की के ठीक आगे बैठी थी और खिड़की के मुलम्मा चढ़े चौखटे ने एक फ़्रेम की तरह उसे घेरा हुआ था. लेकिन महज़ इस वजह से ही नहीं वो तस्वीर कि भाँति लग रही थी. गुलाबी ज़री की मनोहर चुन्नटों ने उसके सुडौल कंधे को लपेटा हुआ था. साड़ी में लिपटी वो जवाँ औरत वैनिटी फ़ैयर के कवर्ज़ में सन्निहित एक मॉडल की तस्वीर लग रही थी. गले में पड़ा जड़ाऊ व बारीक काम वाला हार उस औरत के सौन्दर्य का मान बढ़ा रहा था.

लेकिन उसकी आँखें तो बस उस औरत की अंगूठी को देख कर पथरा रहीं थीं.

वो सोने का छल्ला जिसके एक छोर पर एक फन-धर नाग का सिर गढ़ा हुआ था बड़ी दुष्टता से औरत की उँगली को लपेटे हुआ था. इतनी दूर से भी उसे साँप की काँटेदार जीभ की तिलमिलाहट महसूस हो रही थी. साँप की सुर्ख उभरी हुईं और अंडाकार आँखें – दो लाल रूबी - कुछ अमंगल मनन करती लग रहीं थीं.

व्यवसाय का वो सौफ़्टवैयर डिज़ाइनर था, लेकिन शौक़ वो मूल्यवान मणियों का भी रखता था. इन रूबी के जोड़ों का तौल कम से कम छः-छः कैरट वो निर्धारित कर चुका था.

आधुनिक युग की इस राजकुमारी को देखकर उसकी आँखें चौंधिया गईं थीं और जैसे वो उसके समीप आ रहा था, उसको ये एहसास हो रहा था कि पिछले कई सैकंड वो उस पर खर्च चुका है. मन ही मन सोच रहा था कि बड़ी गुस्ताख़ी हो जाएगी अगर वो ऐसी जोरदार हस्ती को नज़र-अंदाज किए चलता चला जाए.

सो पास से निकलते वक्त एक चौड़ी सी मुसकुराहट मार दी. काफ़ी नहीं है, उसे लगा. कुछ कहना भी चाहिये.

“हाय रूबी,” कहते हुए, वो फिर मुसकुराया, और अपने साथी के साथ कैफ़े से बाहर निकल गया.

कैफ़े कॉफ़ी-डे में वो जवाँ औरत कुर्सी पर उछल गई. मोबाईल निकाला और उत्तेजित स्वर में बोली, “सुनिये, अभी-अभी वो मुझसे हाय कह कर गया है.”

***

घर के बाहर लॉट में कार खड़ी करके वो अपने फ़्लैट की बिल्डिंग की तरफ़ बढ़ रहा था और साथ ही सोच रहा था कि अब वो अपनी गाड़ी बदलेगा. मारुति हटा कर नई मर्सिडिस लेगा. सामने एक टैक्सी खड़ी थी, हैडलाईट्स ऑन थीं और पीछे पैसेन्जर का दरवाज़ा खुला था, सो चलते-चलते टैक्सी के अंदर झाँकते हुए जा रहा था. पीछे किराये के लिये नोट गिनती महिला-पैसेन्जर को देख कर उछल पड़ा. वही सुबह वाली राजकुमारी थी. वही बाल, वही हार, वो दो रूबी, सब वही थे, सिर्फ गुलाबी के बजाय फ़िरोज़ी पल्लू उसके कंधों पर लिपटा हुआ था. जीवनचर्या में प्रचंड बदलाव उसे वैसे भी नापसंद थे, सो इस बात से खुश हुआ कि ये, ज़्यादा नहीं, सिर्फ गुलाबी का बदलाव फ़िरोज़ी में हुआ है.

“माफ़ कीजियेगा, लेकिन आज कैफ़े कॉफ़ी-डे में वो आप ही तो थीं ना?”

उस राजकुमारी के आँखें उठा कर उसे ऊपर देखने में जो सिर की ज़ुंबिश हुई, उसमें बनावटीपन तो था, मगर कुछ आकर्षक भी था. ये भी एक कला है, ये बात उसने जल्दी से अपने मन में रसीद कर ली. पैसे ड्राईवर को थमा कर वो अब टैक्सी से बाहर निकल आई थी. उसके चेहरे पर अभिज्ञान का भाव छाया हुआ था, शायद वो हल्का सा मुसकुरा भी रही थी.

बात को आगे बढ़ाने के लिये, उसने तुरंत गला खँखारा और बोला, “ये देखिये तो, कैसा इत्तिफ़ाक़ है?” मुसकुराया और फिर बोलता गया, “मेरा नाम सुल्तान है. आपको किस नाम से पुकारूँ? वैसे मुझे तो राजकुमारी भी ठीक-ठाक लग रहा है.”

इस बात से खिलखिलाने के बजाय, वो निराश स्वर में बोली, “क्या ये मुमकिन है आप इतनी जल्दी मेरा नाम भूल भी गए?”

उसके इस सवाल ने सुल्तान को कुछ पल के लिये सोच में डुबो दिया. वो लड़की के चेहरे की निराशा देख रहा था. जिस प्रकार वो एक भौं उचका कर अपनी निराशा व्यक्त कर रही थी उसे देख कर हैरान हो रहा था. ‘इतनी रमणीय भावभँगिमा!’ साथ में, स्थिति समझने की कोशिश में इधर-उधर देखने लगा. उसकी नज़र लड़की की उंगली में लिपटी उन दुष्ट सुर्ख़ आँखों पर पड़ीं.

“रूबी?” वो बोल उठा.

“ओह, अब समझ आया,” कहकर, वो हँस दी. परिचय विधिवत, पहले अंगूठी के नगों पर उँगली फिराई, बोली, “ये रूबी -” फिर अपने पर ही उँगली से संकेत करते हुए बोली, “रूपी का है ...”

वो अपनी नानी से मिलने आई थी. आज उनका सत्तरवाँ जन्मदिन था. बड़ी धूमधाम से पार्टी मना रही थीं. “वहाँ रहती हैं,” कहकर रूपी ने ऊपर बिल्डिंग में उँगली से इशारा किया.

सुल्तान ने देखा कि रूपी की नानी खिड़की से झाँक रहीं थीं, हाथ हिला रहीं थीं. सुल्तान ने भी हाथ के इशारे से वापस जवाब दे दिया. इधर रूपी का फ़ोन बजने लगा.

“कहिये ... ठीक है.”

नानी ने फ़ोन द्वारा सुल्तान को भी अपनी पार्टी में आने का न्यौता भेज दिया.

बड़ी हिचकिचाहट के साथ वो नव-परिचित रूपी के साथ अपने घर के सामने वाले फ़्लैट में उसकी नानी के यहाँ घुसा. अंदर वाक़ई में पार्टी का माहौल था. ग़ज़लों का दौर चल रहा था. क़रीब बीस-पच्चीस लोग थे और नानी, जो एक मिनट पूर्व खिड़की पर थीं, वापस लोगों के बीचोबीच अपनी व्हील-चेयर में बैठीं ग़ज़ल का मज़ा ले रहीं थीं. उन दोनों को अंदर आते देख, झट व्हील-चेयर को दरवाज़े की तरफ़ घुमा कर सुल्तान का ऐसे स्वागत किया जैसे उसे भली-भाँति जानती हों और आज बरसों बाद मिल रही हों.

“आओ बेटा, समोसा खाओ.” नौकर भी ऐसा दक्ष, ठीक पीछे स्नैक्स और ड्रिंक्स की तश्तरी लिये खड़ा था. सुल्तान ने एक गिलास उठा लिया और साथ में उन्हें जन्म-दिन की मुबारकबाद दी.

“तुम्हें तो मैं रोज़ देखती हूँ. आज मिल भी ली. ये बताओ तुम्हारी शादी हो गई है?”

“नहीं, अभी कहाँ,” ज़रा हकबका कर वो बोला.

“कब करोगे?” मुसकुराते हुए वो बोलीं.

इस वार्तालाप के लिये वो बिल्कुल भी तैयार नहीं था.

“वो मम्मी ...” बस इतना ही कह पाया.

“लाओ, अपनी मम्मी का नम्बर दो. मैं अभी बात करती हूँ,” कहकर रूपी की नानी ने अपने बटुए से मोबाईल भी निकाल लिया.

बड़ी विनम्रता के साथ उसने अपनी माँ का नम्बर दे दिया.

बहरहाल, अगले दिन रूपी से वो फिर मिला. नानी के घर पार्टी में फिर कैफ़े कॉफी-डे में मिलने का प्रोग्राम बना लिया था. रूपी के बारे में वो अब काफ़ी कुछ जान गया था. अप-ऐन्ड-कमिंग, फ़ैशन उसका पैशन था, हाल ही में अमेरिका से फ़ैशन-डिज़ाईनिंग का कोर्स करके लौटी थी. आजकल अपना सिग्नेचर स्टाईल स्थापित करने में लगी थी.

वो अपने बारे में बता रही थी और सुल्तान उसकी आवाज़ ही से मोहित हो रहा था. ऐसा लग रहा था कि किसी मनोहर वन की शांत पगडंडी में चलते-चलते ज़मीन में पड़ी सैकड़ों सूखी पत्तियाँ सरसरा रही हों. चिंगारी तो पहले ही सुलग गई थी, जब तक वो घर वापस आया उसे महसूस हुआ कि उसकी दुनिया में अब प्यार की आग लग चुकी थी.

रूपी से मिले उसे हफ़्ता भी नहीं हुआ था, सुल्तान की माँ भी आ गईं.

“बेटा, मैं रूपी की नानी से मिली थी. रूपी से भी मिली. बड़ी सुशील लड़की है. बता तुझे कैसी लगती है.”

एकसाथ माँ के इन सब सवालों का सुनकर वो शर्मा गया. बोला, “अच्छी लगती है.”

“तो तुझे पसंद है. चलो अच्छा हुआ. तो चलो मैं अभी तुम दोनों की शादी की बात आगे बढ़ाती हूँ.”

वो चौंक गया. “इतनी जल्दी. लेकिन ...”

“लेकिन-वेकिन कुछ नहीं. तुझे वो पसंद है, उसे भी तू पसंद है, तो मैं कहती हूँ शुभ काम में देरी कैसी?” फिर थोड़ा गम्भीर स्वर करके बोलीं, “बेटा, बड़ा सूना-सूना लगता है. घर में बहु आएगी, तो थोड़ी रौनक बढ़ेगी. जब से तेरे पापा परलोक सिधारे हैं, घर में पार्टियाँ भी बन्द हो गईं हैं. देखना तेरी शादी के बाद वो कसर भी पूरी कर दूंगी.”

“आई डोन्ट बिलीव दिस. सिर्फ पार्टी के लिये आप चाहती हैं मैं शादी करूँ.”

माँ भी अड़ गईं. “तुझे लड़की पसंद है न?”

उसने सिर हिला दिया.

“तो ठीक है, बाकी सब अब मेरी मर्जी से होगा.”

जिस दिन की उसकी शादी ठहरी थी, उसके एक हफ़्ते पहले रूपी की नानी ने उसे तोहफ़े में मर्सिडिज़-बैंज़ ई-350 कैब्रियोलैट दी.

“अरे, यही मॉडल तो मैं लेने की सोच रहा था.” उसने ये बात अब तक किसी को नहीं बताई थी. ये कैसा इत्तिफ़ाक़ है, सोच रहा था.

“इत्तिफ़ाक़ क्यों बोलते हो इसे, नाती-दामाद? अंतर्यामी हैं तुम्हारी नानी.” हँस कर नानी कह रहीं थीं. “अब ड्राईव के लिये नहीं ले जाओगे?”

शादी के एकदम बाद दोनों हनीमून मनाने अपनी नई मर्सिडिस में नैनीताल गए. काफ़ी रास्ते सुल्तान कन्वर्टिबल कार की छत गिरा के चला रहा था. तेज़ हवा में साड़ी के हरिनील पल्लू के नीचे कस कर दबीं रूपी की लटें दुर्व्यवहार करने लगीं, ज़ोर-ज़ोर से उसके चेहरे के चारों तरफ़ गोल-गोल घूमने लगीं. रूपी लगातार हँसे जा रही थी और सुल्तान भी घड़ी-घड़ी उसे देख रहा था कि बात क्या है. हर बार उसे यही महसूस होता कि कितना आसान था उसके लिये अपनी दुल्हन की विस्मयकारी आँखों के पोखरों में खो जाना.

रास्ते में रुक कर जब वो झाड़ियों में लघुशंका निवारण करने गया, तब रूपी ने अपना मोबाईल निकाला, “थैन्क्यू नानी.” थोड़ा हँसी. शर्माई. “हाँ, लगता तो है मुझे प्यार हो गया है.”

वो तेज़ी से गीयर चढ़ाए गाड़ी चला रहा था. घूम के जल्द-नज़र उसे देख लेता. फ़्रेम-रहित नभ में, शांत झील में डूबते हुए सूरज द्वारा जगमग किए विशालदर्शी दृश्य के पृष्ठपट के आगे रूपी का पार्श्व चित्र उसे हर बार ठोंक के रख देता. वो उसका हाथ उठा कर अपने होंठों पर ले आता और फिर सड़क पर टकटकी बाँध लेता.

“ये अंगूठी. तुमने कभी बताया नहीं. क्या ये कोई ख़ास यादगार है, कोई पुरानी भेंट? असाधारण है, बहुमूल्य भी लगती है. कहाँ से आई?” लम्बी चुप्पी तोड़ते हुए उसने पूछा.

“ये अंगूठी?” उसने अपने हाथ को अपने चेहरे के ठीक आगे ऐसे धरा जैसे की बड़े ध्यान से वो किसी नक्शे का अध्ययन कर रही हो. अंगूठी को वो बड़े प्यार से देख रही थी. “काफ़ी पुरानी है. पुश्तैनी ही समझ लो.” ऐसा कह कर वो एक बेतुकी हँसी हँसने लगी. वो भी कुछ चौंक गया. फिर उसकी हँसी एक विचारपूर्ण मौन में घुल गई.

थोड़ी देर बाद उसने फिर बोलना शुरू किया. “मेरा ख़ानदान – तुम समझते हो ना – भले लोगों का ख़ानदान है.”

रूपी ये कैसी अजीब बात कह रही है, वो सोच रहा था. उसकी नज़र अपने ऊपर टिकते हुए महसूस कर रहा था.

“लेकिन जो पूर्वज इस अंगूठी को हमारे खानदान में लाया था – मुझे खेद है – वो भला आदमी नहीं था. अब भी सुनना चाहते हो? ऐसा ना हो कि मेरे परिवार का कुरूप और रहस्यमयी इतिहास जानकर कहीं तुम मुझ से नफ़रत करने लगो.”

“कैसी बातें कर रही हो, रूपी? मुझे ये बताओ किस नामी खानदान में कहीं न कहीं दुष्टता नहीं छिपी है.” रास्ते में एक तेज़ घुमाव आया और उसने झटके से गाड़ी घुमा दी. “तो चलो, शुरू हो जाओ.”

“फ़िरंगिया था मेरे इन पूर्वज का नाम.” उसने भी फौरन ब्यौरा देना शुरू कर दिया. “दुनिया की नज़रों में ये एक इज़्ज़तदार जमींदार थे, लेकिन इनकी एक गुप्त आजीविका थी – इनकी असली पुकार. सुल्तान, मेरे ये पूर्वज एक ठग थे.”

सुल्तान ने फिर गाड़ी को झटके से घुमा दिया. लेकिन इस बार सड़क के किनारे ला कर खड़ा कर दिया. सामने मनोहर नज़ारा था. थोड़ी देर के लिये लगा कि वो मुंह खोले नज़ारे को निहार रहा था. फिर हैरान स्वर में बोला, “ठग! वो नर्मदा वाले ठग, देवी के हुक्मबरदार, जो देवी के हुक्मानुसार राहगीरों को बिना एक बूँद खून गिराए गला घोट के ऊर्ध्वलोक पहुँचा देते थे? रूपी, तुम उन्हीं ठगों की बात कर रही हो ना?”

अभिरुचि उस की हमेशा से रोमांचक साहित्य में ही थी. कॉलेज के बैठे-ठाले दिनों में बहुत पढ़ा था उसने इन ठगों के बारे में, सुल्तान रूपी को बता रहा था. हर साल बारिश के मौसम के बाद ये हत्यारे सौ-दो सौ के गुटों में अभियान के लिये निकल जाते थे. रास्तों के कारवाओं के साथ लग जाते थे और संग लगने के बाद दिन-ब-दिन अपने रिझाऊ व्यवहार से नव परिचित राहगीरों का विश्वास जीतने में जुट जाते थे. अकसर राहगीरों के साथ कई सौ मीलों का सफ़र तक तय कर लेते थे. उन का पूर्ण विश्वास जीतने पर ही ये उन पर वार करके उन्हें लूटते थे. इन ठगों को पूरा यक़ीन था कि वे तमाम अपराध ये काली माँ के आदेश पर ही कर रहे हैं. माँ का ही एक निर्देश था कि मारते वक्त तुम ज़मीन पर खून नहीं गिरने दोगे, सो हत्या भी गले के चारों तरफ़ रुमाल फेंक कर, गला घोट कर ही करते थे. मारने के बाद लाशों को ज़मीन में ही गाढ़ देते थे. मृत राहगीरों के परिवार जनों को उनके गायब होने की फिक्र कई महीनों बाद ही होनी शुरू होती. तब तक अपराध के सब निशान मिट चुके होते थे. ये पंथी देश के विभिन्न कोनों में बिखरे हुए थे. गुप्त थे, इनके अपराधों की आम जनता को कानों कान खबर नहीं होने पाती थी. कोई इनका ये रूप नहीं जानता था, सिर्फ वे ही जो ख़ुद ठग थे इन्हें पहचान पाते थे. और तो और, इनकी एक अपनी अलग भाषा हुआ करती थी. वैसे थे ये समाज के आम गृहस्वामी. गाँव के बनिये, जमींदार, नाई, जुलाहे, जिस किसी की रग में काली माँ की भक्ति का ज्वर दौड़ रहा होता, ठग बन सकता था. लेकिन हमारे समाज में इस क़दर व्याप्त इन ठग लोगों का वर्णन हमारे इतिहास के पन्नों में नहीं के बराबर ही हुआ है. सदियों से, बल्कि शायद सहस्त्र वर्षों से, ये हमारे समाज का ही भाग थे, हम में से एक थे. वो तो उन्नीसवीं शताब्दी में अंग्रेज़ों ने आ कर इनका दमन ही कर डाला, ठगी को ही ख़त्म कर डाला.

एक अध्यापक की भाँति सुल्तान बोले चला जा रहा था. “फ़िरंगिया तो ... मेरा मतलब फ़िरंगिया जी तो राजकुमार थे ठगों के. और तुमने आज तक इन्हें यूं दुबका के रखा था. क्या यार रूपी! फ़िरंगिया तो मेरे लिये किसी हीरो से कम नहीं हैं.”

वो कार से निकल कर बड़ी देर तक सामने फैला सुरम्य दृश्य देखती रही. जब दोनों लौट कर कार में आए वो चुप ही रही. सुल्तान ने भी बिना कुछ कहे गाड़ी चला दी. कुछ देर में वे तालाब के किनारे होटल में पहुँच गए.

अगले दिन, सुबह, रूपी ने काइऐक में सामने की जगह ले ली थी. बड़ा सुखद-सा, पीला सूरज चारों तरफ़ संसार को रौशन कर रहा था. धुने गुनगुना कर और चप्पू खे कर ही सुल्तान खुश रहता, यदि सूरज की किरणें बार-बार रूपी की उँगली में उन सुर्ख़ आँखों पर वार नहीं करतीं. आखिर गला खँखार कर उसने फिर साहस जुटाया, “कल हम तुम्हारे पूर्वज की बात पर ही रुक गए थे. तुम इस अंगूठी के बारे में तो कुछ बता ही नहीं पाई.”

थोड़ी देर उसने जवाब का इंतज़ार किया, लेकिन जब वो चुप रही तो उसे लगा कि शायद उसने उसकी बात सुन ही नहीं पाई. दुबारा से पूछना बेकार समझा और खेना जारी रखते हुए, आसपास के सौन्दर्य को सोखने लगा. इसलिये जब रूपी ने बोलना शुरू किया तो वो थोड़ा चौंक उठा था.

“तुम सुनना चाहते हो, तो लो – बताती हूँ. ये फ़िरंगिया, जो उन्नीसवीं शताब्दी में लूट-खसोट की ज़िन्दगी व्यतीत करता था, देश के दूर-दराज़ प्रांतों में भटकते फिरने की अदम्य खुजली से पीड़ित था. हर साल उसमें कई महीनों की शांति के बाद अपने को अपनी सुखद घरेलू जीवन से उखाड़ने का भूत सवार हो जाता था.

“एक साल वो और सालों की तरह आसपास के गाँवों से सौ से भी अधिक आदमियों के साथ निकल पड़ा. पता चला कि एक मुग़ल रईस शाहाना घोड़े पर सवार और सैनिकों और सेवकों के संग उसी रास्ते जा रहा था. बस इतना जानना था, कि इन ठगों के ज़हन से पीछे घर छोड़े गए बेटी के छोटे हाथों के, गाय के छप्पर से आती हुई नर्म गंध के, बीवी की चुस्त बाजुओं की कसी हुई पकड़ के, सब के सब ख़्याल उड़ गए. सबों का लहू उत्तेजित होने लगा.

“फ़िरंगिया के संतरियों ने इत्तला दी कि मुग़ल रईस कील काँटे से लैस, महिमामय और जिगरा मर्द है. तीर-कमान तरकश-बंद है, कमरबंद में कसा हुआ भरा तमंचा रखता है और ख़ूबसूरत तलवार-दस्त है. ‘तलवार ख़ूबसूरत है तो भई, मुझे तो वो ख़ूबसूरत तलवार चाहिये.’ संतरियों की बात सुनकर फ़िरंगिया ने भी ऐलान कर दिया.”

रूपी का क्लांत स्वर एकदम गायब हो गया था. वो सुल्तान के आगे पीठ किए बैठी थी. सुल्तान देख रहा था कि उसके दोनों हाथों में अलग ही जान आ गई थी. उनको नचा-नचा के कहानी सुना रही थी. अपनी कहानी में इतना रम गई थी, कि उसने कब का काईयैक को खेना बंद कर दिया था. वो मुसकुरा दिया.

“फ़िरंगिया ने लंगोटी पहने, निहत्थे ठगों की एक छोटी टुकड़ी, तीन लादी-धरे लद्धड़ जानवर के संग, उस शक़ील, सुरमई आँखों वाले मुग़ल और उसके नौकरों की टोली से मिलने भेजी.

ठग बड़े आदर के साथ बोले, “रास्ता ख़तरनाक है, साहब.”

ख़ान साहब ने इन छोटे लोगों को जवाब देने की ज़रूरत नहीं समझी. बस उँगली से अपने आदमियों और हथियारों पर संकेत किया और ज़ोर से हँसना शुरू कर दिया.

ठग थोड़ा गिड़गिड़ा कर बोले, “राह चलते मुसाफ़िरों को आपसी हिफ़ाज़त के लिये एक साथ तो रहना ही चाहिये, जनाब-ए-आली.”

इस पर उस अकड़ू खाँ ने ज़ोर दे कर कहा, “मेरे सभी आदमी मेरे साथ महफ़ूज़ महसूस करते हैं.”

ऐसा कहकर वे सब उन रमते श्रमिकों के वेष में ठगों को पीछे छोड़ कर बढ़ गए.

उन गरीब आदमियों ने इतनी सशक्त गुट की सुरक्षा में रहने की अपनी इच्छा पीछे से चिल्ला-चिल्ला कर व्यक्त करनी शुरू कर दी लेकिन मुग़ल ने भी कड़ी आवाज़ में जवाब दिया कि वो अनजान लोगों को अपने बीच हरगिज जगह नहीं देता.

फिर भी जब वे भाग कर मुग़ल की टोली का पीछा करने लगे, तो अपनी बात साफ़-साफ़ ज़ाहिर करने के लिये मुग़ल ने अपना घोड़ा घुमाया और तलवार म्यान से खींच कर ज़ोर से दहाड़ मारी, “हमारा पीछा करना बन्द करो.”

रूपी अपनी कहानी सुना रही थी तालाब को, दूर धुँधले पहाड़ों को, नथुनों में घुस कर खींचने पर फेफड़ों को स्फ़ूर्ति देने वाली उस निर्मल हवा को. हाथ तो उसके संगीत-मग्न नर्तन करते दो साँप बन गए थे. कभी उँगली हवा में हिलती, कभी हाथ थरथराता. और जब-जब ख़ान अस्वीकृति व्यक्त करता, तब-तब रूपी की मुट्ठी खुल जाती, मुंह से ‘उँह’ निकल जाता. मुग़ल ने जब ठगों को जबरन वापस भेज डाला, तब तो उसके हाथ की उँगलियाँ निराशापूर्वक तालाब के पानी का स्पर्श करने लगीं और कुछ क्षण के लिये वो शांत हो गई.

“लेकिन ये ठग आसानी से हार मानने वालों में से नहीं थे. उलटे, मज़ा आना तो अब शुरू हुआ था ...

“शाम को फ़िरंगिया ने दूसरी टुकड़ी उसी सराय में भेजी जिसमें मुग़ल की टोली ठहरी थी. ठगों का सेवकों से दोस्ताना जल्द हो गया और शाम ढलने पर मुग़ल का ख़ानसामा दो बुज़ुर्ग ठगों के बीच घुस कर बैठा, वापस गाँव में उसका बाट जोहती जो समस्याएँ थीं उन्हीं का धीमी ज़बान में व्याख्यान कर रहा था. एक ठग सिर हिला रहा था, दूसरा राय देते जा रहा था.

“उधर रसोइया – तंदुरुस्त और तृप्त – लेटे-लेटे, उंगली से दाँत खरोंच रहा था और उनकी बातें सुन रहा था और जब थोड़ी देर बाद उसने करवट बदली और आह भरी, तो पास बैठा बच्चा ठग जो अब तक अपने चचा के पैर दाब रहा था उसके निकट आ कर बोला, “घूम जाओ दद्दू, लाओ मैं अभी तुम्हारी कमर ठीक किए देता हूँ,” और तुरंत उसकी कमर पर आगे-पीछे चलने लगा.

“कमरे के दूसरे कोने में ख़ान साहब का बीमार सा दिखने वाला चिलम-बरदार खासे जा रहा था और दो अन्य ठगों को विभिन्न प्रकार के नुस्खे बता रहा था.

“और साईस जो था दोनों गुटों के बीच में बैठ कर दोनों की बातचीतें सुन रहा था. रात यूँ फुसफुसाहटों में जो गुज़री, होनी ही थी दांत काटी रोटी वाली दोस्ती. फिर भी ठगों की टोली पौ फटते ही निकल ली.

“दिन को निकले कुछ घंटे हो गए थे जब घोड़ों पर सवार खान साहब के आदमी ठगों से फिर मिले और उनसे मिल कर बड़े खुश हुए. इस बार भी अपने सेवकों के बहुत समझाने पर भी खान साहब इन ठगों को अपने साथ ले जाने के लिये नहीं माने.”

रूपी ने फिर पतवार पकड़ ली और काईयैक की दिशा बदलनी शुरू कर दी. अब तक सुल्तान किनारे के आसपास खे रहा था, लेकिन रूपी काईयैक को तेज़ी से किनारे से दूर ले जाने लगी.

“एक वीरान से मैदान में मुग़ल की टोली की मुलाकात फटेहाल और गरीब मुसलमान सैनिकों के वेष में फ़िरंगिया और उसके दो दर्जन साथियों से हुई. सैनिकों का रोना-विलापना चल रहा था. ज़मीन पर एक आदमी मरा पड़ा था. आध घंटे भी नहीं हुए थे, ठगों ने एक अकेले मुसाफ़िर को धरती से विदा कर दिया था. वही पड़ा था बेचारा. लोग लम्बे सफ़र की ऊब मिटाने के लिये मूँगफलियाँ चटकाते हैं, ये ठग मनुष्यों की बलि चढ़ाते थे.

“सिसकियों के बीच ठगों के सरदार ने खान साहब को बताया कि वे सब के सब जॉन कम्पनी के सिपाही गाँव में छुट्टी मना कर वापस ड्यूटी पर जा रहे थे, कि ‘लियो, ये जवान मर्द आधे रास्ते भर की धूप-थकान भी बर्दाश्त नहीं कर पाया. यहीं लुढ़क गया. अब बताओ, इसके घर वालों से क्या कहेंगे.’ कहकर उसने सिर पर चढ़ी सिपाही की टोपी ज़मीन पर दे मारी. वैसे इतनी सड़ी गर्मी में सिपाही की लाल वर्दी किसी ने नहीं पहनी थी. सभी लंगोटी और बनयान में थे. सिर्फ़ एक फ़िरंगिया को कहीं से कम्पनी वालों की टोपी मिल गई थी, सो पहने हुए था. ‘घर में जवान बीवी है, एक बूढ़ा बाप है, कैसे मुंह दिखाऊँगा. अब बल्लू तू सम्हाल इस झमेले को.’

“फिर बुज़ुर्ग सा बल्लू ठग, खड़ा-खड़ा बड़बड़ाने लगा. ‘ऊपर एक बहुत बड़ा नाटकबाज़ बैठा है, वही ये सब तमाशे कराता है, फिर हमारे रोने पर जम कर हँसता है. बेहतर तो ये है कि हम चुपचाप अपना-अपना खेला खेलते जाएं.’ पास बड़ा सा गड्ढा खोदा हुआ था. उसी को दिखा कर बोला, ‘ये देखिये जनाब, इसकी कब्र भी तैयार कर ली हमने. लेकिन ये ससुरे अनपढ़, गँवार जो हैं हम सभी के सभी, अब जनाज़े के लिये क़लमा कौन पढ़ेगा?’

“ऐसा कहकर वो फूट-फूट कर रोने लगा, बेहाल हो गया. बस. मुग़ल का दिल पिघल आया. बिना कुछ कहे, घोड़े से उतर गया, हथियार उतार दिये, क़ालीन बिछवाया, हाथ-मुंह धो कर लाश को सही दिशा में लिटवाया फिर दो-ज़ानू बैठ कर तैयारी करने लगा. उधर उसके सेवक भी करीने से बैठ गए और हर आदमी के पीछे दो-दो ठग लग गए. दूर से कोई देखता तो कहता कि ये आदमियों ने बैठ कर और खड़े हो कर क्या खूब ताज-महल बना डाला. ठगों ने रुमाल तैयार रखे थे और फिर फ़िरंगिया ने एक ऊँची पुकार लगाई, ‘जय काली मैया की,’ और एक पल में बारह जानें धरती पर सिर्फ अपनी लाशें और कुछ कहानियाँ छोड़ कर उड़ गईं.”

***

सुल्तान ठगों के एक से बढ़कर एक संगीन किस्से पढ़ चुका था. तो इस कहानी ने उसे कोई ख़ास चौंकाया नहीं. लेकिन रूपी सुबह से गुमसुम बैठी थी और वो उसे उस हालत में देख नहीं पा रहा था. डिनर पर बड़ी देर से वो सूप ही में अटकी थी. खाना भी तभी आता जब वो सूप ख़त्म करती.

बात को नया मोड़ देने के लिये सुल्तान बोला, “तो तुम्हारी कहानी से ये बात तो साबित हो गई कि रोटी उसी को मिलती है जिसकी भूख सबसे ज़्यादा होती है.”

वो चुप रही.

“थी बड़ी ग़ज़ब की ये कहानी. मैं ने कहा था ना, राजकुमार थे ठगों के तुम्हारे ये फ़िरंगिया जी.”

रूपी ने चम्मच मेज़ पर धर दी और खाना बन्द कर दिया.

“बस करो तारीफ़ करना ऐसे शक्स की. शर्म आती है मुझे.”

उसकी आँखें भर आईं. सिसकियाँ भर-भर के बोलने लगी. “कौन सा ग़लत काम नहीं किया मेरे इस पूर्वज ने. वो भी बस पैसे के लिये, सुल्तान, बस पैसे के लिये ...”

और वो फूट-फूट कर रोने लगी.

“अरे, इसमें क्या नई बात है. आज भी तो दुनिया पैसे के बुते पर चलती है. लेकिन तुम ग़लत समझ रही हो. वे लोग ये सब वाक़ई में माता के दास्य भाव में करते थे, एकनिष्ठ भाव से करते थे.”

“ये लोग जिसके लिये भी जिस भाव से करते थे, मैं उस सब पर थूकती हूँ. दग़ा दे कर घिनौने काम किए थे इन लोगों ने, किसी भी तरह से मैं इस बात को माफ नहीं कर सकती.” उसकी आँखें गुस्से में दमक रहीं थीं.

“अच्छा तुम अपना सूप तो ख़त्म करो,” कहकर सुल्तान वाईन की चुस्की लेने लगा.

वो मानता था कि दुनिया में ये सब जो होता रहता है, सब ऊपर वाले का खेल होता है, लोगों का नहीं. वो ख़ुद को किसी प्रकार का विश्लेषक नहीं मानता था. ना ही किसी का आकलन करता था. वो तो सिर्फ एक दर्शक था, बस अच्छा तमाशा देखने की ही चाह थी उसे.

इस तरह के विचारों में फंसे-फंसे कब उसकी उँगलियाँ रूपी के मेज़ पर रखे हाथ पर फिर कर अंगूठी के नाग के सिर पर रुक गईं उसे पता नहीं चला. उसकी नज़र रूपी के विचलित चेहरे पर ठहर गईं और वो बोल पड़ा, “तो फिर, तुम ये अंगूठी पहनती क्यों हो?”

***

डिनर के बाद दोनों ने होटल में डान्स किया. फिर कुछ देर चाँदनी रात में बाहर घूमे. आसमान के निर्निमेष तारे शायद दोनों को प्यार से देख रहे थे. वापस कमरे में, दिन भर की थकी रूपी झट सो गई. मंद-मंद साँसें लेने लगी. इधर सुल्तान के दिल में एक आकस्मिक पूर्ण परिवर्तन होने लगा. नाग-वाली अंगूठी जो रूपी ने सोने से पहले सिरहाने की मेज़ पर डिब्बी में रखी थी, उसे वो पकड़े हुए था. मन बेकल होने लगा. उसमें कंपकंपाने वाले विचार उभरने लगे.

वो दिन भर की वारदातों के बारे में सोच रहा था. सुबह जो उसने सुनी थी वो सिर्फ एक कहानी थी. अब वो कहानी दिल में घर बना रही थी. रूपी का बर्ताव उसे उत्तेजित कर रहा था. पूर्वजों की निंदा करना उसे ख़ास नापसंद था. ख़ुद-ब-ख़ुद उसके ध्यान में उसके अपने पूर्वज आने लगे.

ख़ास तौर से, उसके पर-परदादा, नवाब शौक़त अली खान, पाँच पुश्तों का अंतराल था उनके और उसके बीच में. बचपन से ही उसकी जिज्ञासा उन पर अटकी रहती थी.

“वो संग-दिल शक्स!” जब कभी वो उनके बारे में पूछता था, उसकी दादी अपने ददिया-ससुर का बयान इस तारीफ़ से शुरू करती थीं. उसके बाद जो रोना शुरू होता था, बड़ी देर तक चलता था. हालांकि दादी ने ख़ुद उन्हें कभी नहीं देखा था, लेकिन इनके चर्चों से पूरी तरह वाक़िफ़ थीं. “दुनिया भर के शौक़ पाल कर रखे थे उनने. क्या नहीं पसंद था उन्हें. घोड़े, पतंग-बाज़ी और सोना – इन तीन से ख़ास ताल्लुक़ रखते थे.” वो बतातीं.

“औरतों से तो उन्हें शायद नफ़रत थी. कमी थी औरतों की उन्हें? नवाब थे, जिससे मर्जी हो, मन लगा लो, उठवा लो.”

जो बात सुल्तान की दादी को नागवारा लगती थी वो थी उस समय की सबसे नेक, ख़ूबसूरत – हूर की परी – औरत के साथ नवाब का घटिया बर्ताव.

ये हूर की परी शहर के एक रईस की बेटी थी और नवाब के जिगरी दोस्त को उस से इश्क हो गया था. रईस की बेटी भी नवाब के दोस्त को चाहती थी. मुश्किल थी तो सिर्फ दोस्त के ओहदे में. आम आदमी था बेचारा और रईस को वो फूटी आँख नहीं भाता था. एक बार दोनों दोस्तों में इसी बात की बहस हो गई कि प्यार की आग इस दुनिया में कोई मायने नहीं रखती, ख़ास तौर पर जब दौलत प्यार के सामने खड़ी हो.

अपनी बात साबित करने के लिये नवाब ने रईस के पास जा कर उसकी बेटी का हाथ अपने लिये माँग लिया. थे भी नवाब साहब हमलापुर के राजा के इकलौते वारिस. रईस की खुशी का ठिकाना नहीं था. फौरन मान गया. बड़ी धूम-धाम से उसने शादी की तैयारियाँ शुरू कर दीं. नवाब ने भी एक अच्छा सौदा ठहरा लिया. रईस हिन्दुस्तान के कुछ बेहतरीन नगों का हकदार था. दहेज़ में नवाब ने इनकी हासलियत की बात की. रईस ने उन माणिकों को ख़ास नमूने की अंगूठी में जड़वाया और बड़ी आन-बान के साथ नवाब को वो अंगूठी नज़र कर दी.

कहते हैं कि इधर नवाब की बारात निकल रही थी, उधर दोस्त का जनाज़ा. शादी की ख़बर सुनते ही दोस्त पगला गया था, ख़ुदकुशी उसने निकाह के दिन के लिये तय कर के रखी थी. रही बात दुल्हन की, नवाब ने उसे एक बार भी आँख भर कर नहीं देखा. रत्ती भर भी दिलचस्पी नहीं थी उसे अपनी दुल्हन में. जिस साल इनका पहला और इकलौता बच्चा पैदा होने को था, नवाब नौकरों के साथ सैर के लिये निकल पड़ा और वापस लौट कर ही नहीं आया. उसकी खोज में आदमियों के कई दल भेजे गए, मगर वो काफ़ी ढूँढने पर भी नहीं मिला. वो तो जैसे धरती से ही गायब हो गया था. बेटा जो पैदा हुआ, बाप को बिना जाने बड़ा हो गया, नवाब को भी उसके होने की कोई जानकारी नहीं थी.

अपने लड़कपन में, गर्मी के दिनों जब सुल्तान हमलापुर में अपने ख़ानदानी महल में छुट्टियाँ गुज़ारता था, तो अकसर गलियारे में अपने इन पूर्वज की तस्वीर के सामने रुकता था, काफ़ी देर तक उन्हें आँकता रहता था, सोचता था कि अभी अगर ये जीवित होते तो दो सौ पाँच, जाने दो सौ बीस साल के होते, यही हिसाब लगाता रहता.

बिस्तर में सुल्तान करवट लिये पड़ा था, घुटने मोड़ कर छाती तक ले आया था. अब भी अंगूठी हाथ में लिये था, बार-बार उसे उँगलियों के बीच घुमा रहा था.

“क्यों नहीं देख पाया, ये मुझसे अनदेखा कैसे हो गया?”

वो अपने को कोस रहा था, ख़ुद को उल्लू बता रहा था. नवाब शौक़त अली खान अपनी तस्वीर में यही अंगूठी तो पहने थे.

अब - इतनी देर बाद उसे ये बात क्यों याद आई?

थोड़ी देर तक वो अपनी परी-नुमा बीबी की मंद साँसों की आवाज़ सुनता रहा. फिर चुपचाप उसने अंगूठी को डिब्बी में वापस रख दिया.